जामताड़ा/ Manish Baranwal रांची के हरिवंश ताना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में आयोजित तीन दिवसीय झारखंड इमेजिंग एक्सपो का सफल समापन हो गया. इस दौरान आयोजित फोटोग्राफी प्रतियोगिता में राज्यभर के प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया.


वेडिंग पोर्ट्रेट कैटेगरी में जामताड़ा के कालाझरिया निवासी रोहित गुप्ता ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया. उनकी इस उपलब्धि से स्थानीय फोटोग्राफी जगत में खुशी की लहर है. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने रोहित गुप्ता को मोमेंटो और 3100 रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया. प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों ने अलग- अलग श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.
समापन दिवस पर फैशन शो का भी आयोजन किया गया, जिसमें मॉडलों ने पारंपरिक और आधुनिक परिधानों का आकर्षक प्रदर्शन किया. इस अवसर पर जामताड़ा के वरिष्ठ फोटोग्राफर विकास कुमार दास, छोटू साव, संदीप महतो, कालीचरण चक्रवर्ती, अभिषेक पंडित सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.



