जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला है. थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 वर्षीय युवक सुबल मेहरा, जो फतेहपुर थाना क्षेत्र के निमडंगाल गांव का निवासी है, मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण भटकते हुए मिहिजाम के अंबेडकर नगर इलाके में पहुंच गया था.

शनिवार तड़के करीब 4 बजे स्थानीय लोगों ने युवक को संदिग्ध स्थिति में घूमते देखा और चोर समझकर पुलिस के हवाले कर दिया.
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने युवक से पूछताछ की और उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और रास्ता भटक गया था.
इसके बाद मिहिजाम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक के परिजनों से संपर्क किया और उसे सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया. पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है.

