जमशेदपुर: फार्मेसी क्षेत्र में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के छात्रों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. यूनिवर्सिटी के फार्मेसी विभाग के 15 विद्यार्थियों का चयन देश की अग्रणी दवा कंपनी लुपिन फार्मास्युटिकल लिमिटेड में हुआ है. ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के माध्यम से आयोजित कैंपस चयन प्रक्रिया में बी. फार्मा और डी. फार्मा के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह सफलता हासिल की.

चयनित छात्रों को कंपनी के गोवा स्थित अत्याधुनिक प्लांट में 2.2 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नियुक्ति दी गई है. इस उपलब्धि पर यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह संस्थान के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि लुपिन जैसी वैश्विक कंपनी में एक साथ 15 छात्रों का चयन उच्च स्तरीय शिक्षा और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग का परिणाम है.
वहीं कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि फार्मेसी क्षेत्र में तकनीकी दक्षता और गुणवत्ता बेहद महत्वपूर्ण है, जिसे छात्रों ने साबित किया है. उन्होंने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों और प्लेसमेंट टीम की कड़ी मेहनत को दिया. चयनित छात्रों में खासा उत्साह है और वे जल्द ही गोवा जाकर अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे. विश्वविद्यालय प्रबंधन को उम्मीद है कि ये छात्र अपने प्रदर्शन से संस्थान का नाम और ऊंचा करेंगे.

