सरायकेला/ Pramod Singh जिला मुख्यालय में परंपरा, संस्कृति और कला का भव्य संगम होने जा रहा है. 11 से 13 अप्रैल तक आयोजित होने वाले राजकीय छऊ महोत्सव को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. प्रशासनिक स्तर पर हर व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि यह महोत्सव भव्य और यादगार बन सके.

बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव को लेकर तैयारियों का जायजा लेने जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार और सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार शुक्रवार को स्थल पर पहुंचे. उन्होंने मंच, प्रकाश व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया.
इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा- निर्देश देते हुए कहा कि आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए. महोत्सव में देश- प्रदेश के नामचीन छऊ कलाकारों के साथ- साथ स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे, जिससे सरायकेला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नया मंच मिलेगा.
राजकीय छऊ महोत्सव सरायकेला की पहचान और गौरव का प्रतीक माना जाता है. प्रशासन का लक्ष्य है कि इस आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाए, ताकि देश- विदेश से आने वाले दर्शक यहां की पारंपरिक कला को करीब से अनुभव कर सकें.
महोत्सव को लेकर स्थानीय कलाकारों और आम लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है. यह आयोजन न केवल कला प्रेमियों के लिए खास होगा, बल्कि सरायकेला की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर भी मजबूती देगा.

