जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए बंद घर को निशाना बनाया और छत काटकर करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. यह घटना पूर्वी घाघीडीह पंचायत के मां तारानी कॉलोनी, रोड नंबर दो स्थित गौरांग मंडल के घर की है. बताया जा रहा है कि परिवार के गांव जाने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया.

मिली जानकारी के अनुसार, गौरांग मंडल के पिता का बीते शनिवार को निधन हो गया था, जिसके चलते पूरा परिवार श्राद्ध कर्म के लिए घाटशिला के सुरदा गांव गया हुआ था. इसी दौरान सूने घर को देखकर चोर सक्रिय हो गए.

चोरों ने घर की छत का टीन काटकर अंदर प्रवेश किया और दरवाजे, अलमारी, पलंग व लॉकर को तोड़ते हुए एक-एक कमरे को खंगाल डाला. परिजनों के मुताबिक, चोरों ने करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, सोने- चांदी के आभूषण, सोने की चेन, चांदी के बर्तन और भगवान की चांदी की मूर्ति सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया. इतना ही नहीं, घर से चल रही कपड़े की दुकान से भी करीब 50 हजार रुपये मूल्य के कपड़े, जैसे जींस और साड़ियां भी चुरा ली गईं. कुल मिलाकर इस चोरी में लगभग 15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि इस वारदात में करीब तीन चोर शामिल थे, जिन्होंने पूरे घर को तहस-नहस कर दिया. बुधवार को श्राद्ध का कार्यक्रम निर्धारित है, जिसके लिए हाल ही में बैंक से डेढ़ लाख रुपये निकाले गए थे, जिन्हें भी चोर ले उड़े. चोरी की सूचना मिलने पर जब परिवार घर पहुंचा तो सामान बिखरा पड़ा था और कीमती वस्तुएं गायब थीं. घटना से पूरा परिवार सदमे में है.
इस मामले में बागबेड़ा थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.

