चतरा: जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में गुरुवार को अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी. अशोका गोलंबर के समीप हुई इस घटना में एक ट्रक ऑनर गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान बासुदेव गंझु के रूप में हुई है, जो बेती गांव का रहने वाला बताया जा रहा है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो बाइक पर सवार 5 से 6 अपराधी अचानक मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान करीब 4 से 5 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
फायरिंग के दौरान एक गोली बासुदेव गंझु को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत बचरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया.
उधर घटना की सूचना मिलते ही पिपरवार थाना पुलिस और सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी पास के जंगल की ओर फरार हो गए. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

