जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, जिला शाखा के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ शिव प्रसाद मिश्रा से मुलाकात की.

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कार्यरत अनुबंध कर्मियों को मानदेय वृद्धि का भुगतान करने में अनावश्यक देरी की जा रही है. कुछ कर्मियों को लाभ दिया गया, लेकिन लगभग 230 कर्मियों को अब तक इससे वंचित रखा गया है.
संघ ने आरोप लगाया कि जिला कार्यक्रम लेखा प्रबंधक द्वारा स्वेच्छाचारी रवैया अपनाया जा रहा है और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी की गई है. कर्मियों का यह भी कहना है कि सेवा अवधि के आधार पर वेतन वृद्धि की मांग वर्ष 2021 से की जा रही है, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं हुआ है. इसके अलावा फरवरी 2026 से मार्च 2026 तक का मानदेय भुगतान आवंटन उपलब्ध रहने के बावजूद नहीं किया गया, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
प्रतिनिधिमंडल की ओर से यह भी कहा गया कि भुगतान में देरी के लिए जिला लेखा प्रबंधक और संबंधित अधिकारी समान रूप से जिम्मेदार हैं. सिविल सर्जन ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि इनके समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
मौके पर अरविन्द प्रसाद, बैजु झा, मनोज कुमार, नवल प्रसाद सिंह, राजेन कुमार सिंह और पंकज मंडल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

