जामताड़ा/ Manish Baranwal समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न योजनाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रगति का आकलन किया गया.

बैठक के दौरान मनरेगा एवं ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने भवन, पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जर्जर भवनों में आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन नहीं किया जाए.
समीक्षा के क्रम में जिन केंद्रों में बिजली की सुविधा नहीं है, वहां 15 अप्रैल से पहले कनेक्शन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. वहीं जिन केंद्रों में किचन नहीं है, वहां किचन निर्माण के लिए प्रस्ताव देने को कहा गया. पोषण वाटिका के तहत फलदार पौधे लगाने के भी निर्देश दिए गए.
उपायुक्त ने महिला पर्यवेक्षिकाओं के कार्यों पर असंतोष जताते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की. टीएचआर वितरण और पोषण ट्रैकर में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कई महिला पर्यवेक्षिकाओं का वेतन अगले आदेश तक स्थगित रखने का निर्देश दिया गया.
इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में प्रगति लाने, आंगनवाड़ी सेविका और सहायिका के रिक्त पदों को जल्द भरने तथा लंबित प्रस्तावों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने कहा कि कार्यों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. साथ ही सेविकाओं को तकनीकी रूप से प्रशिक्षित करने और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए. बैठक में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

