जामताड़ा/ Manish Baranwal नगर पंचायत की पहली बोर्ड बैठक सोमवार देर शाम नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से 17 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई. बैठक के फैसलों में जहां शहरवासियों को राहत दी गई, वहीं नियमों के उल्लंघन पर जुर्माने का प्रावधान भी किया गया.

बैठक के बाद नगर पंचायत अध्यक्षा आशा गुप्ता ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि शहर में पानी कनेक्शन शुल्क को ₹4000 से घटाकर ₹3000 कर दिया गया है. साथ ही अवैध रूप से पंप लगाकर पानी खींचने वालों पर ₹5000 या उससे अधिक का जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए प्रधान सहायक तमाल कांति और लेखापाल पंकज रेखान सहित कई कर्मचारियों को उनके कार्यों से मुक्त कर दिया गया. वहीं दैनिक भत्ते पर कार्यरत गौरी शंकर मंडल, राजीव मंडल, अजय कुमार, पिंटू मंडल, जितेंद्र चंद्र और खोखन दास को भी हटाया गया है.
नगर पंचायत बोर्ड ने सफाई कर्मचारियों को सालाना ₹10 हजार सम्मान राशि, सुरक्षा किट और हेल्थ कार्ड देने का निर्णय लिया. साथ ही उनके मानदेय बढ़ाने के लिए कमेटी गठित की जाएगी.
बैठक में सोलर लाइट खरीद में अनियमितता की आशंका को देखते हुए एसीबी जांच कराने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा अमृत योजना के तहत तालाब सौंदर्यीकरण कार्यों की उच्च स्तरीय जांच का प्रस्ताव भी पारित किया गया.
शहर के विकास को लेकर कई अहम फैसले लिए गए, जिसमें सभी वार्डों में सड़क, नाली और लाइट व्यवस्था दुरुस्त करना, हर वार्ड में डीप बोरिंग और 3000 लीटर टंकी के साथ 24 घंटे पानी की सुविधा देना शामिल है.
इसके साथ ही चिल्ड्रन पार्क का नाम बदलकर विवेकानंद पार्क करने, विभिन्न स्थानों पर महापुरुषों की प्रतिमा स्थापित करने, ‘आई लव जामताड़ा’ साइनेज लगाने और शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया.
गांधी मैदान में फूड मार्केट, वेंडर मार्केट, योगा- मेडिटेशन सेंटर और सामुदायिक भवन बनाने की योजना भी पारित की गई. वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर के तहत अस्पताल निर्माण जल्द शुरू करने और बस स्टैंड, ट्रैक्टर स्टैंड व हटिया के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का भी फैसला लिया गया.

