सरायकेला: आगामी 8 अप्रैल को सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी एवं खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा का आगमन होगा. दोनों सांसद सर्किट हाउस में यूपीए प्रतिनिधियों और आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं से अवगत होंगे.

इस संबंध में सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी प्रो. कालीपद सोरेन ने कांग्रेस एवं यूपीए कार्यकर्ताओं से निर्धारित तिथि को सर्किट हाउस पहुंचने का आह्वान किया है.
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित कागजात वरीय कांग्रेस नेता जगदीश नारायण चौबे के पास जमा करें. बताया गया कि बैठक के दौरान आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को सांसदों के समक्ष रखा जाएगा. इसमें पानी की गंभीर किल्लत, कचरा डंपिंग स्थल का चयन नहीं होना और एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था में अव्यवस्था जैसे मुद्दे शामिल हैं.
कचरा डंपिंग स्थल के अभाव में घरों से कचरा उठाव पूरी तरह ठप है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है. वहीं, एलपीजी गैस एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने का मुद्दा भी उठाया जाएगा. सांसदों के इस दौरे को लेकर कांग्रेस और यूपीए कार्यकर्ताओं के बीच तैयारी तेज हो गई है और स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने की रणनीति बनाई जा रही है.

