ईचागढ़/ Bipin Varshney प्रखंड कार्यालय में सोमवार को सम्मान सह विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षा सुधार और जिम्मेदारी के संदेश के साथ शिक्षकों को सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम में पूर्व प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी नवल किशोर सिंह एवं वर्तमान बीईईओ संजय कुमार जोशी की गरिमामय उपस्थिति रही. इस दौरान सेवानिवृत्त पदाधिकारी नवल किशोर सिंह, शिक्षक मनोज कुमार, वीरसिंह महतो एवं संकुल साधन सेवि भुवनेश्वर महतो को बुके, अंगवस्त्र और फूलमाला देकर भावभीनी विदाई दी गई.
समारोह में नवनियुक्त सहायक आचार्यों का स्वागत भी किया गया. सभी नए शिक्षकों को माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया और उन्हें जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता देबेन्द्र नाथ महतो ने की, जबकि मंच संचालन सुमन चंद्र हालदार एवं हेमंत कुमार महतो ने किया. स्वागत भाषण सुमन हालदार ने प्रस्तुत किया.

अपने संबोधन में पूर्व बीईईओ नवल किशोर सिंह ने शिक्षकों से ईमानदारीपूर्वक कर्तव्य निर्वहन करने, विद्यालयों को सुसज्जित बनाने और बच्चों की बुनियादी शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की.
वहीं वर्तमान बीईईओ संजय कुमार जोशी ने शिक्षकों को हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि विद्यालयों में बाल संसद के माध्यम से साफ- सफाई, किचन गार्डन और अतिरिक्त कक्षाओं के संचालन पर जोर दिया जाए. उन्होंने एसएमसी के सहयोग से शैक्षणिक कार्यों को मजबूत करने और कक्षा 1, 6 एवं 9 में नामांकन जल्द पूरा करने का आह्वान किया. समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, सीआरपी, प्रखंड कर्मी एवं शिक्षाकर्मी उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा.

