जामताड़ा/ Manish Baranwal साइबर ठगी के खिलाफ पुलिस को एक और सफलता मिली है. जहां पुलिस ने वाहन की किस्त जमा करने के नाम पर QR कोड भेजकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है.

पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना जामताड़ा के प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में टीम गठित कर करमाटॉड़ थाना क्षेत्र के बाबुडीह गांव में छापेमारी की गई. इस दौरान मौके से दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेन्द्र रवानी (28 वर्ष) और गणेश रवानी (25 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से 7 मोबाइल फोन और 7 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं. जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को फोन कर खुद को बजाज फाइनेंस का प्रतिनिधि बताते थे और वाहन की किस्त जमा करने के नाम पर QR कोड भेजते थे. इसके जरिए लोगों से ई-वॉलेट में पैसे मंगाकर ठगी की जाती थी. इस संबंध में जामताड़ा साइबर थाना में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.

