चांडिल: ईचागढ़ प्रखंड सभागार में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान झारखंड अलग राज्य आंदोलन से जुड़े 112 चिह्नित आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक सविता महतो ने आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. इस मौके पर बड़ी संख्या में आंदोलनकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे.

विधायक सविता महतो ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों का योगदान अतुलनीय रहा है. उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज अलग राज्य की पहचान स्थापित हो सकी है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों को लेकर प्रतिबद्ध है और उन्हें उचित मान- सम्मान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि यह प्रमाण पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि आंदोलनकारियों के संघर्ष और त्याग की पहचान है, जो आने वाली पीढ़ियों को भी उनके योगदान की याद दिलाता रहेगा. कार्यक्रम के दौरान एक अस्वस्थ आंदोलनकारी के उपस्थित नहीं हो पाने की जानकारी मिलने पर विधायक स्वयं उनके पास पहुंचीं और उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. इस पहल की लोगों ने सराहना की. इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य ज्योति लाल मांझी, अंचलाधिकारी दीपक प्रसाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.

