चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में कई घंटों से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त- व्यस्त हो गया है. लगातार बिजली नहीं रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

बिजली गुल रहने का सबसे ज्यादा असर पेयजल व्यवस्था पर पड़ा है. घरों में लगे मोटर पंप बंद होने से पानी की भारी किल्लत हो गई है. लोग बाल्टी और बर्तन लेकर पानी की तलाश में इधर- उधर भटकते नजर आ रहे हैं.
वहीं मोबाइल चार्ज नहीं होने से लोगों का संपर्क भी प्रभावित हो रहा है. जरूरी कामकाज बाधित हो गया है, जिससे आम जनजीवन पर सीधा असर पड़ा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना बिजली के जीवन पूरी तरह अस्त- व्यस्त हो गया है. गर्मी और उमस के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की परेशानी और बढ़ गई है. इसके अलावा छोटे दुकानदारों और कारोबारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है, क्योंकि बिजली पर निर्भर उनका काम पूरी तरह ठप हो गया है.
बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि इस तरह की समस्या बार-बार सामने आती है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है. हालांकि विभागीय सूत्रों के अनुसार शाम 4 से 5 बजे के बीच बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना जताई जा रही है. लेकिन तब तक लोगों की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जल्द आपूर्ति बहाल करने और भविष्य में ऐसी समस्या से बचने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है.

