जमशेदपुर: जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में एक पत्रकार के साथ हुई सनसनीखेज घटना ने हड़कंप मचा दिया है. निर्माण कार्य में अनियमितता की जांच करने पहुंचे दैनिक हिंदुस्तान के पत्रकार मणिशंकर के साथ ठेकेदार द्वारा बदसलूकी, मारपीट और बंधक बनाने का मामला सामने आया है.

घटना रंकिनी मंदिर के पास निर्माणाधीन भवन की है, जहां पत्रकार मणिशंकर कथित अनियमितताओं की तस्वीरें ले रहे थे. इसी दौरान ठेकेदार भड़क गया और उनके साथ गाली- गलौज करते हुए धक्का- मुक्की की. आरोप है कि उसने पत्रकार का मोबाइल छीन लिया और करीब 45 मिनट तक बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी.

मौके पर मौजूद लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी और वरीय अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया. हालांकि, गंभीर स्थिति के बावजूद पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी हुई. पुलिस के आने के बाद ही पत्रकार को ठेकेदार के चंगुल से मुक्त कराया जा सका. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस के सामने भी आरोपी ठेकेदार का रवैया आक्रामक बना रहा. उसने खुद को प्रभावशाली बताते हुए थाना से लेकर उच्च अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंच होने की बात कही. इसके बावजूद पुलिस ने मौके पर उसे हिरासत में लेने के बजाय थाने आने को कहा, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं.
घटना के बाद पत्रकारों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक से मामले में कड़ी कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. यह घटना न केवल कानून- व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि क्षेत्र में पत्रकारों की सुरक्षा कितनी चुनौतीपूर्ण होती जा रही है.

