चाईबासा/ Jayant Pramanik वन प्रमंडल क्षेत्र में इन दिनों जंगली हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा घटना तांतनगर प्रखंड के बरकुंडिया गांव की है, जहां सोमवार रात हाथी के हमले में 60 वर्षीय चांदू कुई की मौत हो गई.

इस हमले में उनके भाई 65 वर्षीय लखन कुदादा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज चाईबासा सदर अस्पताल में चल रहा है.
घटना के बाद वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और मृतक के परिजनों को तत्काल 15 हजार रुपए तथा घायल को 10 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की. वन विभाग के अनुसार, हाथी के हमले में मौत होने पर 4 लाख रुपए मुआवजा देने का प्रावधान है, जो आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिया जाएगा. इस संबंध में रिचर्ड मैथ्यू सोरेन ने जानकारी दी.
बताया जा रहा है कि पिछले चार से पांच दिनों से चाईबासा वन प्रमंडल के विभिन्न इलाकों में हाथियों के कई झुंड घूम रहे हैं और उत्पात मचा रहे हैं. झींकपानी के केलेंडे स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में हाथियों ने चारदीवारी तोड़कर प्रवेश कर लिया. वहीं बिष्टुमपुर और नीमडीह क्षेत्रों में भी हाथियों का झुंड लगातार देखा जा रहा है. हाथी महुआ और धान की तलाश में गांवों में घुसकर घरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं. यहां तक कि एक रेलवे क्रॉसिंग का फाटक भी हाथियों ने तोड़ दिया है. स्थिति को देखते हुए वन विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में लगातार कैंप कर रही है और लोगों को जागरूक कर रही है. विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की है.

