सरायकेला: रामनवमी पर्व के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी क्रम में सरायकेला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार को नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत झिमरी गांव में फ्लैग मार्च निकाला गया.

फ्लैग मार्च का नेतृत्व चांडिल अंचल निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने किया. इस दौरान पुलिस बल ने गांव के विभिन्न इलाकों, मुख्य सड़कों और संवेदनशील स्थलों का भ्रमण करते हुए लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया.
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे रामनवमी पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं. साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई.
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
फ्लैग मार्च में स्थानीय थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान शामिल रहे. प्रशासन का उद्देश्य पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराना है.

