जामताड़ा/ Manish Baranwal केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र, रांची द्वारा जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत निजकजरा में रबी फसल को लेकर दो दिवसीय उन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को शुभारंभ किया गया.

कार्यक्रम का उद्घाटन सीआईपीएमसी रांची के कार्यालय प्रमुख सह सहायक निदेशक अशोक कुमार एच.पी. द्वारा किया गया. प्रशिक्षण के प्रथम दिन किसानों को एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन की विभिन्न तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई. इस दौरान बीजोपचार, यांत्रिक, जैविक एवं व्यावहारिक विधियों के उपयोग के साथ- साथ रसायन खरीदते समय बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षित उपयोग के तरीकों पर विशेष जोर दिया गया.
किसानों को कीट प्रबंधन के क्षेत्र में एनपीएसएस मोबाइल ऐप के उपयोग और उसकी उपयोगिता के बारे में भी बताया गया, ताकि वे आधुनिक तकनीक का लाभ उठाकर अपनी फसलों की बेहतर सुरक्षा कर सकें. कार्यक्रम में सीआईपीएमसी रांची से तकनीकी सहायक नीतीश कुमार सुमन, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक विजय कुमार, कृषक मित्र एवं स्थानीय किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

