चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड स्थित निश्चिंतपुर के एसएस. पब्लिक स्कूल में बुधवार को ‘राम चले वनवास’ प्रसंग पर आधारित भव्य झांकी निकाली गई. इस आयोजन में छात्र- छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया.

झांकी के दौरान नन्हे बच्चों ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का स्वरूप धारण कर रामायण के वनवास प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया. दृश्य में दिखाया गया कि किस तरह भगवान राम अपने पिता राजा दशरथ और माता कौशल्या से आशीर्वाद लेकर वन गमन के लिए प्रस्थान करते हैं.
यह झांकी विद्यालय परिसर से निकलकर सोनुआ बाजार, चांदनी चौक, अस्पताल रोड, चेकनाका और उड़िया बस्ती होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची. पूरे मार्ग में लोगों ने झांकी का स्वागत किया और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था.
इस धार्मिक- सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव मुकेश महतो, संयोजक केदारनाथ नायक, प्रधानाचार्य विवेक राज समेत शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

