
सरायकेला: 17 जुलाई से शुरू होने वाले ऐतिहासिक जगन्नाथ मेले को लेकर सरायकेला में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. मेला मैदान में दूर-दराज से आए दुकानदार अपनी दुकानें सजाने में जुट गए हैं. झूले, मीना बाजार, बच्चों के खिलौने, घरेलू सामान और स्वादिष्ट व्यंजनों की दुकानों से मेले की रौनक बढ़ने लगी है.


सोमवार को मेला समिति के सचिव छोटेलाल साहू और उपाध्यक्ष गोविंद साहू ने मेला परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने दुकानदारों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए और साफ- सफाई, सुरक्षा, आवागमन तथा अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए.
मेला समिति के सचिव छोटेलाल साहू ने कहा कि श्रद्धालुओं और बाहर से आने वाले दुकानदारों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं. वहीं उपाध्यक्ष गोविंद साहू ने कहा कि सरायकेला का ऐतिहासिक जगन्नाथ मेला जिले की सांस्कृतिक पहचान है और इस बार भी इसे भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारी की गई है. उन्होंने लोगों से परिवार के साथ मेले में पहुंचकर धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लेने की अपील की.
प्रमोद सिंह (संपादक)





