जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के उलीयान स्थित दुर्गा काली बाड़ी के पास मंगलवार दोपहर गाड़ी पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया.

स्थानीय निवासी सुश्रीति सेन, नीलू प्रमाणिक और पिंकी दास ने आरोप लगाया कि उनके घर के सामने अक्सर कुछ युवक गाड़ियां खड़ी कर अड्डा जमाते हैं, जिससे आसपास के लोगों को परेशानी होती है. मंगलवार को भी बोलेरो वाहन से पहुंचे कुछ लोगों के साथ पार्किंग को लेकर कहासुनी शुरू हुई. आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और महिलाओं के साथ भी हाथापाई की गई.
वहीं दूसरे पक्ष के राजीव राम ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे दुकान से लौटते समय गाड़ी बैक कर रहे थे, तभी विवाद शुरू हुआ. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचा. वैसे पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है जो तेजी से वायरल हो रहा है.
देखिए video
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

