सरायकेला: गृह रक्षक नव नामांकन के तहत मंगलवार को ईचागढ़ प्रखंड के अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ. यह परीक्षा बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित की गई, जिसमें 23 मार्च को महिला और 24 मार्च को पुरुष अभ्यर्थियों ने भाग लिया.

जानकारी के अनुसार ईचागढ़ प्रखंड से कुल 1535 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें 492 महिला और 1043 पुरुष शामिल थे. परीक्षा में 316 महिला और 645 पुरुष अभ्यर्थी उपस्थित रहे.
शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत आयोजित दौड़ में 253 महिला और 87 पुरुष अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए. इसके बाद ऊंची कूद, लंबी कूद, शॉट पुट और हिंदी लेखन परीक्षा के आधार पर अभ्यर्थियों का मूल्यांकन किया गया.
प्रदर्शन के आधार पर अभ्यर्थियों के औपबंधिक अंक पत्र तैयार कर लिए गए हैं, जिन्हें जानकारी के लिए जिला की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अंक पत्र केवल सूचना के उद्देश्य से जारी किए गए हैं और इन्हें अंतिम मेधा सूची नहीं माना जाएगा. अंतिम मेधा सूची सभी प्रखंडों एवं श्रेणियों के लिए परीक्षा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद एक साथ प्रकाशित की जाएगी.

