राजनगर/ Rasbihari Mandal प्रखंड के एदल और सोनारडीह गांव इन दिनों आवारा कुत्तों के आतंक से दहशत में हैं. बीते 24 घंटे के भीतर कुत्तों ने महिलाओं और बच्चों समेत 12 लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है.

घटना के बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों द्वारा एंटी- रेबीज वैक्सीन दी जा रही है, लेकिन लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों का डर कम नहीं हो रहा है.

स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि लोग लाठी लेकर घर से बाहर निकलने को मजबूर हैं. महिलाएं और बच्चे घर से निकलने से डर रहे हैं. इसका असर शिक्षा पर भी पड़ा है. सरकारी स्कूलों में शिक्षक तो पहुंचे, लेकिन भय के कारण बच्चे स्कूल नहीं आए, जिससे पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में डॉग स्क्वॉड या पशु नियंत्रण की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है. ऐसे में उन्हें अपनी सुरक्षा खुद करनी पड़ रही है. प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द विशेष टीम भेजकर आवारा कुत्तों को पकड़ा जाए और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोग भयमुक्त होकर अपने दैनिक कार्य कर सकें.
फिलहाल एदल और सोनारडीह गांव में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और ग्रामीण सतर्कता के साथ जीवनयापन कर रहे हैं.

