जमशेदपुर: शहीद दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

कार्यक्रम की शुरुआत भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दो मिनट का मौन रखकर की गई. इसके बाद वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम में शहीदों के योगदान पर प्रकाश डाला.
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि 23 मार्च केवल एक तिथि नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के अदम्य साहस और बलिदान का प्रतीक है. उन्होंने विद्यार्थियों से शहीदों के आदर्शों को जीवन में उतारने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया.
वहीं कुलपति प्रभात कुमार पाणि ने कहा कि शहीद दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हमारी स्वतंत्रता अनगिनत बलिदानों का परिणाम है. उन्होंने युवाओं को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग देश के विकास में करने की प्रेरणा दी.
कुलसचिव नागेंद्र सिंह ने भी शहीदों के बलिदान को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है.
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कई पदाधिकारी, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे. सभी ने देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लिया.

