जमशेदपुर: झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान पत्र, प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देने की मांग को लेकर सोमवार को उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया. आंदोलनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की.

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार के संकल्प संख्या 1938 (दिनांक 30 अप्रैल 2021) के तहत चिन्हित आंदोलनकारियों को राजकीय सम्मान देने का प्रावधान है, लेकिन पूर्वी सिंहभूम जिले में इसका पालन नहीं हो रहा है. आंदोलनकारी पुष्कर महतो ने कहा कि इस संकल्प का उद्देश्य आंदोलनकारियों को सम्मान देना और राज्य में सकारात्मक संदेश देना है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. इससे आंदोलनकारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
उन्होंने यह भी बताया कि गृह विभाग, झारखंड सरकार के अपर सचिव द्वारा पत्र संख्या 14/विविध-19/2024 (3108) के माध्यम से सभी उपायुक्तों को स्पष्ट निर्देश दिया गया था, बावजूद इसके आदेश का अनुपालन नहीं किया जा रहा है.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई आंदोलनकारी अब तक सम्मान से वंचित हैं, जबकि इस दौरान कई लोगों का निधन भी हो चुका है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 166, 166A और 188 के तहत कार्रवाई योग्य हो सकता है.
प्रशासन से मांग की गई कि सभी पात्र आंदोलनकारियों को जल्द सम्मानित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि सरकार की साख और व्यवस्था की गरिमा बनी रहे.

