सरायकेला/ Pramod Singh ईद- उल-फितर के पावन अवसर पर सरायकेला में भाईचारे और सौहार्द का खूबसूरत नजारा देखने को मिला. सुबह से ही शहर की मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में अकीदतमंद नमाज अदा करने पहुंचे.

नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई. इस दौरान देश में अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे की मजबूती के लिए विशेष दुआएं मांगी गईं. नमाज के बाद “ईद मुबारक” की गूंज से पूरा माहौल गूंज उठा.
लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी और आपसी प्रेम का संदेश फैलाया. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में खासा उत्साह देखा गया. नए कपड़े पहनकर लोग ईदगाह पहुंचे और नमाज के बाद एक- दूसरे के घर जाकर मिठाइयों का आदान-प्रदान किया. सेवइयां और पारंपरिक पकवानों की खुशबू से पूरा शहर महक उठा. ईद का यह पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है. इस दिन लोग पुराने गिले-शिकवे भुलाकर नई शुरुआत करते हैं.
त्योहार को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार स्वयं विभिन्न ईदगाहों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेते रहे, जिससे पूरा पर्व शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ.

