चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया. चांदनी चौक सहित विभिन्न मस्जिदों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की विशेष नमाज अदा की.

नमाज के बाद लोगों ने एक- दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और अमन- चैन की दुआ मांगी. पूरे क्षेत्र में त्योहार को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला.
इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. शांति- व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौक- चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी. प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. मस्जिद के समीप पूर्व विधायक गुरुचरण नायक ने भी मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उन्हें ईद की बधाई दी.
इस मौके पर सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा, मजिस्ट्रेट राजीव रंजन और सत्यनारायण मुंडा समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे और व्यवस्था का जायजा लेते रहे.

