जामताड़ा/ Manish Baranwal साइबर ठगी के लिए बदनाम जामताड़ा से एक बार फिर हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पेड़ों के नीचे बैठकर पूरे देश में ठगी का खेल चलाया जा रहा था. पुलिस ने इस अनोखे “ओपन एयर कॉल सेंटर” का भंडाफोड़ करते हुए 6 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.


गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पदमडी गांव के पास काजरा- शिमला सड़क किनारे छापेमारी की. यहां आकसिया और लिपटस के पेड़ों के नीचे बैठकर ठगी का नेटवर्क ऑपरेट किया जा रहा था. छापेमारी के दौरान पुलिस ने उज्ज्वल कुमार शाही, राजेन्द्र मंडल, राजकिशोर शाही, अजीत कुमार मंडल, अमित कुमार शाही और कुन्दन कुमार नेहल को रंगेहाथ गिरफ्तार किया. सभी आरोपी करमाटांड़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं.
पुलिस ने इनके पास से 13 मोबाइल फोन, 18 सिम कार्ड, 1 लैपटॉप और 4 मोटरसाइकिल बरामद किए हैं. जब्त सामानो से साफ है कि यह गिरोह संगठित तरीके से बड़े पैमाने पर साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था.
जांच में सामने आया है कि आरोपी गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड करते थे. जब कोई व्यक्ति मदद के लिए कॉल करता, तो ये खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर QuickSupport और AnyDesk जैसे ऐप डाउनलोड करवाते थे. इसके बाद मोबाइल का एक्सेस लेकर बैंकिंग और निजी जानकारी चुरा ली जाती थी और खातों से पैसे उड़ा लिए जाते थे.
पुलिस के अनुसार इस गैंग का नेटवर्क पूरे देश में फैला हुआ था और अलग- अलग राज्यों के लोगों को निशाना बनाया जा रहा था. फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध थाना जामताड़ा में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.

