गम्हरिया:सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना के सामने शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर सिग्नल पोल से टकरा गई. दुर्घटना में कार चालक सुरक्षित रहा और उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई. हालांकि हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.


जानकारी के अनुसार हुंडई योन कार संख्या JH 05 BF 1252 अचानक सड़क किनारे लगे सिग्नल पोल से जा टकराई. दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर काफी जोरदार थी, लेकिन कार सवार सुरक्षित बाहर निकल आया.

घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक से पूछताछ की. हालांकि चालक ने दुर्घटना के कारणों को लेकर कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया.
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने वाहन चालक को कार के साथ जाने की अनुमति दे दी. फिलहाल दुर्घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
घटना के बाद कुछ देर तक क्षेत्र में लोगों की भीड़ लगी रही और हादसा स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय



