चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले में मनोहरपुर और जराइकेला रेलवे स्टेशन के बीच स्थित सुनसुना गांव के पास सोमवार को ट्रेन से गिरकर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया.

मिली जानकारी के अनुसार घायल व्यक्ति सुनसुना गांव के समीप अप और डाउन रेलवे ट्रैक के बीच घायल अवस्था में पड़ा मिला. स्थानीय लोगों ने उसे देखकर तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. इसके बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया.
फिलहाल घायल व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है. वह किस ट्रेन से गिरा और घटना कैसे हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

