जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में रसोई गैस को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन सतर्क हो गया है. उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान जामताड़ा के अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार और जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी ने कोर्ट रोड स्थित पाहन इंडियन गैस एजेंसी समेत कई गैस एजेंसियों का दौरा किया.


इस दौरान अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं के बीच फैल रही अफवाहों को लेकर लोगों को जागरूक किया जाए. साथ ही सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस को एजेंसी परिसर में प्रमुख स्थानों पर चिपकाने को कहा गया, ताकि उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिल सके और किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो.
एसडीओ अनंत कुमार ने कहा कि गैस वितरण से जुड़े सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए. एजेंसी संचालकों को उपभोक्ताओं के साथ पारदर्शिता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कर्मचारियों को भी ग्राहकों के साथ शालीन व्यवहार करने और सभी आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने को कहा.
वहीं जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जामताड़ा जिले में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है और ऐसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है.
अधिकारियों ने बताया कि समय-समय पर इस तरह के निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और गैस वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे. प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी अनियमितता की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें.

