एसआईआर के विरोध में अनुमंडल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना, मतदाता सूची से हटाए गए नामों को तत्काल जोड़ने की उठी मांग


जामताड़ा: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में सोमवार को इंडिया गठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जामताड़ा अनुमंडल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. इस दौरान ‘वोट बचाओ, नागरिकता बचाओ, देश बचाओ’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा. प्रदर्शनकारियों ने केंद्र की मोदी सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की.
धरना- प्रदर्शन की अध्यक्षता सीपीआईएम के प्रभारी जिला सचिव संजय कुमार मेहता ने की. मौके पर राजद, कांग्रेस, सीपीआईएम, भाकपा माले और सीपीआई के नेताओं ने एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुनरीक्षण के नाम पर बड़ी संख्या में वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं. इससे आम नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निष्पक्षता से काम नहीं करने और भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया. नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से होना चाहिए, लेकिन एसआईआर के नाम पर सही मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित करने की आशंका पैदा हो गई है. वक्ताओं ने दावा किया कि इस प्रक्रिया से करीब 13 करोड़ लोगों के अधिकार प्रभावित हुए हैं. उन्होंने मतदाता सूची से हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल दोबारा जोड़ने की मांग की.
नेताओं ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है. किसी भी नागरिक को प्रशासनिक प्रक्रिया की आड़ में उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और सूची में नाम जोड़ने की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
इस अवसर पर सीपीआईएम के राज्य सचिव सुरजीत सिन्हा, राज्य कमेटी सदस्य लखनलाल मंडल, चंडी दास पुरी, जिला कमेटी सदस्य गोविंद पंडित, सचिन राणा, महेंद्र रावत, गौर सोरेन, सुकुमार बावरी, विजय राणा और नवल किशोर शामिल हुए.
वहीं राजद की ओर से जिला अध्यक्ष दिनेश यादव, प्रधान महासचिव अशोक चौधरी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष अर्चना यादव, जोगिंदर राय, मुन्ना यादव और राम प्रकाश सिंह मौजूद थे। कांग्रेस नेता नंदकिशोर सिंह ने भी धरने में भाग लिया. भाकपा माले की ओर से जिला सचिव सुनील राणा, जयप्रकाश मंडल, सोमलाल मिर्धा, सुशील मोहाली, देबू चौधरी, आशा मिर्धा और ममता राणा शामिल हुए. वहीं सीपीआई की ओर से मधु रवाणी सहित इंडिया गठबंधन के बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन में उपस्थित रहे.
धरना-प्रदर्शन के माध्यम से इंडिया गठबंधन ने एसआईआर के मुद्दे पर अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक लड़ाई तेज करने का संकेत दिया. नेताओं ने दोहराया कि मताधिकार की रक्षा और मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित होने तक उनका विरोध जारी रहेगा.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

