Jamtara Transportation Issue जामताड़ा: मिहिजाम- चित्तरंजन के बीच टोटो और बाइक परिचालन बहाल करने की मांग, नगर परिषद अध्यक्ष ने सीएलडब्ल्यू जीएम को लिखा पत्र
इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
जामताड़ा: मिहिजाम और चित्तरंजन के बीच आम लोगों की आवाजाही सुगम बनाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है. मिहिजाम नगर परिषद की अध्यक्ष जयश्री देवी ने चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (सीएलडब्ल्यू) के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर आमबगान, कुर्मीपाड़ा और कानगोई पॉकेट गेट पर वर्ष 2023 से टोटो (ई-रिक्शा) और बाइक के आवागमन पर लगी रोक हटाने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि इन मार्गों पर केवल पैदल आवागमन की अनुमति होने से बुजुर्गों, गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं, स्कूली बच्चों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. रोजगार, शिक्षा और इलाज के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का मिहिजाम और चित्तरंजन के बीच आवागमन होता है, लेकिन परिवहन सुविधा बंद रहने से समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ गए हैं.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
नगर परिषद अध्यक्ष ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कई सुझाव भी दिए हैं. उन्होंने तीनों पॉकेट गेटों पर हाई डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे, हाई-मास्ट एवं आधुनिक स्ट्रीट लाइट लगाने तथा आरपीएफ या प्रशिक्षित सुरक्षा गार्डों की नियमित तैनाती की मांग की है. उनका कहना है कि इन सुरक्षा उपायों के साथ टोटो और बाइक के सीमित परिचालन की अनुमति दी जा सकती है.
जयश्री देवी ने जनहित और मानवीय आधार पर सीएलडब्ल्यू प्रशासन से इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने की अपील की है. उन्होंने इस संबंध में जामताड़ा अनुमंडल पदाधिकारी, मिहिजाम थाना, चित्तरंजन पुलिस स्टेशन और रेलवे सुरक्षा बल सहित संबंधित अधिकारियों को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजी है.