चाईबासा/ Jayant Pramanik पुलिस की ओर से मानवीय पहल करते हुए शुक्रवार को कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान चलाया गया. इस अभियान के तहत सोनुआ थाना पुलिस ने क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों का दौरा कर असहाय और जरूरतमंद बुजुर्गों के बीच कंबल का वितरण किया.

चाईबासा एसपी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा पुलिस बल के साथ लोंजो, बालजोड़ी, असनतलिया, गोलमुण्डा, कुदाबुरु, निलायगोठ, लोजों मुण्डासाई, झड़गांव, निश्चितपुर, सेगईसाई और राघोई सहित कई दूरदराज गांवों में पहुंचीं. इस दौरान 65 वर्ष से अधिक आयु के वृद्ध, शारीरिक रूप से अक्षम और अस्वस्थ ग्रामीणों को उनके घर जाकर कंबल भेंट किए गए.
कंबल वितरण के साथ पुलिस ने ग्रामीणों से सीधा संवाद भी स्थापित किया. थाना प्रभारी ने अपील की कि यदि गांव या परिवार का कोई सदस्य भटककर नक्सली संगठन से जुड़ गया है तो उसे सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति की जानकारी दें. उन्होंने लोगों से हिंसा का रास्ता छोड़ मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करने की अपील की.
पुलिस की इस पहल से ग्रामीणों में सकारात्मक संदेश गया है और लोगों ने कार्यक्रम की सराहना की.

