जामताड़ा/ Manish Baranwal थाना क्षेत्र के पोसोई गांव में ग्रामीणों ने सांड चोरी करने के आरोप में तीन लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. मिली जानकारी के अनुसार पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान बिंदु दा और राहुल दा, दोनों सोनबाद निवासी, तथा विशेश्वर सोरेन, रामपुर निवासी के रूप में की गई है.

ग्रामीणों का आरोप है कि तीनों सांड को ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी गांव वालों ने उन्हें धर दबोचा. सूचना मिलते ही जामताड़ा पुलिस के पदाधिकारी संतोष गोस्वामी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों को हिरासत में लेकर थाना ले गए. फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है. ग्रामीण मिलन मंडल ने बताया कि पोसोई, मोहड़ा, नाराडीह समेत आसपास के इलाकों में मवेशी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है. ग्रामीणों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
वहीं हिरासत में लिए गए लोगों का कहना है कि वे मवेशियों की खरीद-बिक्री का काम करते हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि किसी गिरोह से जुड़े होने की पुष्टि होती है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

