चतरा: जिले में उग्रवादी गतिविधियां एक बार फिर सुर्खियों में हैं. बिहार- झारखंड रीजनल कमिटी के नाम से दो पन्नों का पर्चा जारी किया गया है. पर्चे में उत्तरी-दक्षिणी छोटानागपुर जोनल कमिटी का हवाला देते हुए कोयला खनन कंपनी को चेतावनी दी गई है. पर्चे में स्थानीय लोगों को रोजगार देने, विस्थापितों के पुनर्वास और जमीन का उचित मुआवजा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है. कुछ नामों का उल्लेख करते हुए विरोध की भी बात कही गई है.

इलाके में पोस्टर भी छोड़े गए हैं. पर्चा सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और प्रशासनिक स्तर पर इसकी जांच की जा रही है. इसी बीच जिले में एक वोल्वो बस को आग के हवाले कर दिया गया. बताया जा रहा है कि अज्ञात लोगों ने बस को रोककर उसमें आग लगा दी, जिससे वह धू-धू कर जल उठी. घटना के समय क्षेत्र में TSPC के नाम से पर्चाबाजी और JJMP की ओर से खुली धमकी की चर्चा पहले से चल रही थी.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया है.

