गया: गया जिले के गुरुआ थाना पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले ही दो अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, दो खोका और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. यह कार्रवाई गुरुआ थाना क्षेत्र के सुगरिस गांव में की गई है.

मिली जानकरी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के एक वीरान घर में कुछ अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की. पुलिस ने मौके से दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है.
इस मामले की जानकारी शेरघाटी एसडीपीओ-1 अजय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मोहम्मद कुर्बान अंसारी और जहांगीर अंसारी के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे हथियारों के साथ किसी गंभीर वारदात की तैयारी कर रहे थे.
एसडीपीओ अजय कुमार ने कहा कि पुलिस की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई है. फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. उनके आपराधिक संपर्कों की भी जांच की जा रही है. गुरुआ थाना पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.

