जमशेदपुर/ Afroz Mallik टेल्को थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अज्ञात अपराधियों ने चापड़ से हमला कर सोहेल अहमद नामक युवक की निर्मम हत्या कर दी. इस हमले में एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर में चल रहा है.

मृतक सोहेल जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत खजांची मोहल्ला निवासी बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार टेल्को थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने अचानक चापड़ से हमला कर दिया, जिसमें मोहम्मद सोहेल गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
इस घटना में बाबू फ्लैट के समीप रहने वाला एक अन्य युवक भी हमले का शिकार हुआ है जिसका नाम अब्दुल सुफियान है जिसे गंभीर अवस्था में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है.
फिलहाल टेल्को थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है.

