सरायकेला/ Pramod Singh जिले में बढ़ती शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बड़ा निर्णय लिया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की चेतावनी जारी की गई है.

इसी के मद्देनज़र जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्र ने जिले में संचालित सभी निजी विद्यालयों में नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई दिनांक 5 जनवरी और 6 जनवरी 2026 को स्थगित रखने का निर्देश दिया है. इस दौरान सभी निजी स्कूलों में पठन- पाठन का कार्य पूरी तरह बंद रहेगा.
उल्लेखनीय है कि ठंड को लेकर पहले से घोषित अवकाश के बाद 5 जनवरी से निजी विद्यालयों के खुलने की संभावना थी, लेकिन लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए डीएसई द्वारा छुट्टी को दो दिन और बढ़ा दिया गया है. इस संबंध में जिले के सभी निजी स्कूल प्रबंधन को आदेश जारी कर दिया गया है.
अब जिले के सभी निजी विद्यालय 7 जनवरी से पुनः नियमित रूप से संचालित होंगे. शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन से निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े.

