मधुपुर/ Md. Aslam नगर परिषद कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को नववर्ष के अवसर पर नगर परिषद और केनरा बैंक के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई. बैठक में केनरा बैंक हजारीबाग क्षेत्रीय प्रबंधक एवं मधुपुर शाखा प्रबंधक आनंद कुमार शामिल हुए. नगर परिषद प्रशासक सुरेंद्र किस्कु ने नगर क्षेत्र में संचालित वर्टिकल-3 आवास योजना के तहत ऋण स्वीकृति में आ रही समस्याओं को गंभीरता से उठाया.


नगर प्रशासक ने बताया कि योजना के तहत कई लाभुकों द्वारा केनरा बैंक में ऋण के लिए आवेदन किया गया है, लेकिन समय पर ऋण स्वीकृत नहीं होने से लाभुकों में असंतोष है. कुछ मामलों में बैंक द्वारा ऋण देने में अनिच्छा जताने की बातें भी सामने आई हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय लाभुकों का आवास सपना अधर में लटक रहा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्टिकल-3 आवास योजना सरकार की प्राथमिक योजनाओं में से एक है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार्य नहीं है.
इस पर केनरा बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक ने नगर परिषद को भरोसा दिलाया कि जिन लाभुकों ने ऋण के लिए आवेदन किया है, उनके सभी प्रकरणों का शीघ्र निष्पादन किया जाएगा और लंबित ऋण मामलों को जल्द डिस्पैच किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि केनरा बैंक नगर परिषद के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करेगा, ताकि योजना का लाभ वास्तविक और पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचे. बैठक को सकारात्मक बताते हुए नगर परिषद प्रशासक सुरेंद्र किस्कु ने कहा कि यदि बैंक और प्रशासन मिलकर काम करें, तो वर्टिकल-3 आवास योजना जमीन पर तेजी से उतरेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस समन्वय बैठक के बाद लाभुकों को जल्द ऋण मिलेगा और आवास निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आएगी. स्थानीय स्तर पर यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इससे लाभुकों की वर्षों पुरानी प्रतीक्षा खत्म होने की उम्मीद जगी है.

