मधुपुर/ Md. Aslam शहर में बढ़ती शीतलहर और कड़ाके की ठंड के बीच समाज के जरूरतमंद तबके को राहत पहुंचाने के लिए व्यवसायी एवं लायंस क्लब के चेयरपर्सन शौकत नाज ने सराहनीय पहल की. हाजी गली स्थित काजल टेक्सटाइल के मालिक शौकत नाज की ओर से गरीब, बुजुर्ग और असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 300 बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को स्वयं अपने हाथों से कंबल वितरित किए गए.

इस दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और लाचार लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही. कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ झलक रहा था. कार्यक्रम में समाजसेवी संजय शर्मा, हैमंत नारायण सिंह उर्फ मोती सिंह, छात्रा शिफा शौकत एवं अलिजा शौकत ने सक्रिय भूमिका निभाई. व्यवसायी शौकत नाज ने कहा कि हर वर्ष सर्दी के मौसम में गरीब और असहाय लोगों की मदद करना उनका सामाजिक दायित्व है. उन्होंने कहा कि ठंड के इस दौर में यदि एक कंबल भी किसी जरूरतमंद को राहत दे सके, तो यही सबसे बड़ी सेवा है.
समाजसेवी संजय शर्मा ने कहा कि गरीबों के चेहरे पर मुस्कान देखना ही इस तरह के आयोजनों की सबसे बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि लगातार गिरते तापमान और रात की कड़ाके की ठंड में सबसे अधिक परेशानी गरीब तबके को होती है. वहीं हैमंत नारायण सिंह उर्फ मोती सिंह ने शौकत नाज की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समाजसेवी और व्यवसायी समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं, जो विपरीत परिस्थितियों में जरूरतमंदों के साथ खड़े नजर आते हैं.
कार्यक्रम को सफल बनाने में आरफी नाज, शिलु समद, मोहम्मद चांद, पत्रकार प्रिंस समद, रामचंद्र झा, मोहम्मद असलम, शंकर कुमार, संतोष कुमार, उमेश कुमार और मनोज कुमार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही. कुल मिलाकर यह आयोजन सामाजिक सरोकार और इंसानियत की मजबूत मिसाल बनकर सामने आया, जिससे सैकड़ों जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिली.

