सरायकेला: शुक्रवार को जिला समाहरणालय परिसर में भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के अंतर्गत चयनित महिला एवं LAMPS समितियों के बीच तीन ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों का वितरण किया गया. वितरण कार्यक्रम का नेतृत्व उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने किया और ट्रैक्टर की चाबी सौंपते हुए लाभुक समितियों को योजनानुसार उपयोग के लिए निर्देशित किया.

इस योजना के तहत शिवानी आजीविका सखी मंडल (नीमडीह), मां संतोषी महिला समिति (राजनगर) तथा लाकाडी LAMPS (नीमडीह) को ट्रैक्टर उपलब्ध कराए गए. उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराकर खेती को तकनीकी, समय-कुशल और लागत- प्रभावी बनाना है. उन्होंने निर्देश दिया कि ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों का उपयोग भूमि सुधार, फसल विविधीकरण, सिंचाई क्षमता बढ़ाने तथा मिट्टी संरक्षण कार्यों में किया जाए, ताकि क्षेत्र के अधिकाधिक किसान लाभान्वित हो सकें.
उपायुक्त ने कहा कि आधुनिक मशीनरी से न केवल खेती की प्रक्रिया सुगम होती है, बल्कि किसानों की आय में भी वृद्धि होती है और वे स्वावलंबी बनने की दिशा में आगे बढ़ते हैं. उन्होंने लाभुक समितियों को मशीनरी के नियमित रखरखाव, योजनानुसार उपयोग और संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने की जिम्मेदारी भी सौंपी.
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने महिलाओं, समिति सदस्यों और किसानों से विस्तृत संवाद स्थापित कर उनके कृषि तरीकों, तकनीकी खेती की जरूरत, उत्पादन क्षमता और मौसमी चुनौतियों की जानकारी ली. उन्होंने आग्रह किया कि समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को सरकार की किसान हितकारी योजनाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि अधिक किसान आधुनिक तकनीक, सामूहिक कृषि पद्धति और उत्पादन-वृद्धि उपायों को अपनाकर अपनी आय मजबूत कर सकें.
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, DPM JSLPS सहित अन्य संबंधित अधिकारी और समिति सदस्य उपस्थित थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
