रांची: नगड़ी थाना क्षेत्र के धुर्वा डैम में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तीन पुलिसकर्मियों के शव बरामद किए गए. मृतकों में जमशेदपुर के प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज (पीडीजे) के दो बॉडीगार्ड उपेंद्र कुमार सिंह और रॉबिन कुजूर शामिल हैं, जबकि तीसरा शव एक सरकारी चालक का है. चालक की पूरी पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है.

घटनास्थल से पुलिस ने एक दुर्घटनाग्रस्त कार और दो हथियार बरामद किए हैं. शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि देर रात कार अनियंत्रित होकर सीधे धुर्वा डैम में जा गिरी, जिससे सभी की मौके पर ही मौत हो गई.
सूचना मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया. पुलिस ने बताया कि कार में सवार एक चौथे व्यक्ति के भी होने की संभावना है. उसकी तलाश तेज कर दी गई है और डैम में सर्च ऑपरेशन जारी है.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पुलिसकर्मी देर रात डैम क्षेत्र में किस उद्देश्य से गए थे और घटना की वास्तविक परिस्थितियां क्या रहीं. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

