चांडिल/ Afroz Mallik दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी की शान बन चुकी मादा हाथी रजनी का 16वां जन्मदिन मंगलवार को बड़े धूमधाम से मनाया गया. वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के साथ मिलकर इस खास दिन को यादगार बना दिया.

गौरतलब है कि करीब 13 साल पहले दलमा के जंगलों में झुंड से बिछड़ने के बाद घायल अवस्था में इस मादा हाथी के बच्चे को वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया था. उस समय विभाग ने बड़ी मशक्कत के बाद उसका इलाज कर स्वस्थ किया और उसे दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी में रखा. प्यार और देखभाल के साथ उसका पालन-पोषण किया गया और उसका नाम रखा गया — रजनी.
आज रजनी दलमा की पहचान बन चुकी है. पर्यटक दलमा पहुंचते ही सबसे पहले रजनी का स्वागत पाकर उत्साहित हो उठते हैं. उसका स्थायी आवास मालूकोचा क्षेत्र में बनाया गया है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग उसे देखने आते हैं.
मंगलवार को रजनी के 16वें जन्मदिन पर वन विभाग ने 16 पाउंड का केक काटा और बच्चों के बीच वितरण किया. इस दौरान रजनी भी खुश नज़र आ रही थी और बच्चों के साथ खेलती दिखाई दी. कार्यक्रम में ईचागढ़ विधायक सविता महतो भी मौजूद रहीं. उन्होंने रजनी को दलमा परिवार का अभिन्न हिस्सा बताया और उसकी लंबी उम्र की कामना की.
विधायक सविता महतो ने वन विभाग के अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि रजनी के संरक्षण और देखरेख में विभाग का प्रयास सराहनीय है. विभाग ने बताया कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य केवल उत्सव नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
