आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र के जुलुमटाड़ की सड़क आज भी अधूरी पड़ी हुई है. हैरानी की बात यह है कि इस सड़क का शिलान्यास झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधायक चंपई सोरेन ने 24 अगस्त 2014 को किया था. स्थानीय लोगों ने बताया कि शिलान्यास के बाद उम्मीद थी कि जल्द ही सड़क बनकर तैयार होगी और उन्हें गड्ढों व कीचड़ से निजात मिलेगी. लेकिन 11 साल बीत जाने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है.

निवासियों का कहना है कि नगर निगम और प्रशासन की लापरवाही के कारण आज भी उन्हें बदहाल सड़क पर चलना पड़ रहा है. बरसात के दिनों में हालात और बिगड़ जाते हैं. लोग रोज़ाना परेशानियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन कोई जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है.

ग्रामीणों ने सरकार और नगर निगम से मांग की है कि जल्द से जल्द इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराया जाए. उनका कहना है कि जनता अब और इंतजार नहीं कर सकती और यदि शीघ्र काम नहीं हुआ तो आंदोलन करने पर मजबूर होगी.


