जमशेदपुर/ Afroz Mallik उत्पाद विभाग ने सोमवार को परसुडीह थाना अंतर्गत छोटा गादड़ा गांव में बड़ी कार्रवाई की है. सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर टीम ने कार्रवाई करते हुए एक जर्जर पक्के भवन में संचालित मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

टीम ने उक्त मकान से भारी मात्रा में अवैध शराब और सामग्री जब्त की है. कार्रवाई के दौरान ब्लैक हॉर्स, रॉयल गोल्डकप, आरसी समेत विभिन्न ब्रांड की शराब, बोतलों के ढक्कन, रैपर, खाली बोतलें और निर्माण सामग्री बरामद हुई. लगभग 400 लीटर रंगीन बना हुआ शराब, 2685 लीटर विदेशी शराब, विभिन्न ब्रांड के 1000 ढक्कन, पांच बंडल रैपर, पांच बंडल कार्टन और 10 लीटर कैरेमल जब्त किया है. उत्पाद विभाग ने बताया कि इस मामले में अनुसंधान जारी है और संलिप्त अभियुक्तों की पहचान कर सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया जा रहा है. कार्रवाई में निरीक्षक उत्पाद श्री रामदास भगत, अवर निरीक्षक मो. गुफरान, प्रतिनियुक्त सहायक अवर निरीक्षक और प्रतिनियुक्त गृह रक्षक शामिल थे.

