सरायकेला: उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी की अगुवाई में चांडिल थाना क्षेत्र के कंदरबेड़ा इलाके में सोमवार को अवैध खनन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया. स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई में दो जेसीबी (215 LC) वाहन, एक हाइवा (संख्या JH05DU4942), दो ट्रैक्टर माउंटेड ड्रिलिंग मशीन और लगभग 1800 घनफीट पत्थर खनिज जब्त किया गया.

जिला प्रशासन ने जमीन मालिक, वाहन मालिक/ चालक और अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने कहा कि खनिज संसाधनों की अवैध निकासी और परिवहन पर पूर्ण नियंत्रण प्रशासन की प्राथमिकता है. दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियां न दोहराई जाएं.
उन्होंने बताया कि जब्त खनिज और वाहनों के संबंध में विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के लिए नियमित निरीक्षण और संयुक्त गश्ती अभियान जारी रहेंगे. जिला प्रशासन खनिज संपदा के संरक्षण और पारदर्शी उपयोग के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

