कोडरमा: रांची- पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी स्थित नौवां माइल के बंदरचुआं के पास गुरुवार की शाम भीषण सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है.

मृतकों की पहचान अकबरपुर (बिहार) निवासी राहुल भुइयाँ, मेघातरी (कोडरमा) निवासी अमित कुमार और काली मंडा (कोडरमा) निवासी मोहित कुमार के रूप में हुई है. घायल युवक का नाम अमर भुइयाँ है, जो मेघातरी, कुशहना का रहने वाला है.
जानकारी के मुताबिक, चार युवक बाइक पर सवार होकर ताराघाटी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान कोडरमा की ओर से बिहार जा रहे कंटेनर का ब्रेक फेल हो गया और उसने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो घायलों को अस्पताल ले जाने के क्रम में एक अन्य युवक की मौत हो गई. घायल युवक की हालत भी गंभीर बनी हुई है. हादसे के बाद कंटेनर सड़क किनारे खाई में गिर गया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दो युवक बाइक पर थे और दो पैदल घाटी में चल रहे थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

