गढ़वा: जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र अंतर्गत करमडीह हाई स्कूल के पास दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में अफरा- तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है.

घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है, जब चंदना गांव निवासी साकिब खान, उम्र लगभग 45 वर्ष, को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी. गोली लगते ही मौके पर अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल मझिआंव रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. इधर घटना की सूचना पाकर मझिआंव थाना पुलिस की एक टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची, जबकि दूसरी टीम अस्पताल पहुंचकर घायल का बयान दर्ज किया. घायल साकिब खान ने बयान में कहा कि उसका अपने पड़ोसी वसीम से विवाद चल रहा था. आज सुबह वसीम ने धमकी दी थी कि गोली मरवा देंगे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. एसडीपीओ नीरज कुमार ने कहा कि घटना के पीछे जो भी कारण हैं, उसकी जांच की जा रही है और इसमें शामिल दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

