चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के किरिबुरू पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का भाजपा कार्यकर्ताओं और महिला शक्ति द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया. जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू के नेतृत्व में मातृशक्ति और महिला कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया. कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला.


इस दौरान अर्जुन मुंडा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत आयोजित प्रदर्शनी और प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत उद्घाटन किया. कार्यक्रम में पार्टी संगठन, विचारधारा और जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई.

प्रशिक्षण अभियान को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि यह अभियान केवल संगठनात्मक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि अंत्योदय, सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का मजबूत माध्यम है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी सिर्फ राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता के बीच निरंतर संवाद और सेवा भाव ही किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है. अर्जुन मुंडा ने महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी की भी सराहना की और कहा कि समाज और संगठन दोनों को मजबूत बनाने में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है.
प्रशिक्षण वर्ग में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली. पूरे कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक मजबूती, सेवा कार्यों और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर विशेष जोर दिया गया.

